घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले झामुमो प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा सम्मानित
पलामू : सड़क सुरक्षा नियमों के तहत दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सह पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक पलामू ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप दो हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
बताया गया कि चंदन प्रकाश सिन्हा अपने निजी वाहन से बीएलए चयन के लिए क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान नावा (पाटन) निवासी राहुल कुमार गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल इंटर कॉलेज के समीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। चंदन प्रकाश सिन्हा ने बिना देर किए उन्हें अपने वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बचाई जा सकी।
सम्मान मिलने के बाद चंदन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है, जिसे गोल्डन आवर कहा जाता है। इस दौरान उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाए तो गंभीर रूप से घायल कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अब दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले आम नागरिकों को पुलिस की ओर से गवाही आदि के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाता। बल्कि ऐसे लोगों को प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाता है। इससे आम लोगों में दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद करने की भावना और तत्परता बढ़ रही है।
झामुमो प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने सभी लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सीट बेल्ट तथा हेलमेट लगाकर वाहन चलाने का अपील किया है। क्योंकि आपकी जान आपके परिवार को हिफाजत करती है आपकी सुरक्षा आपके परिवार की सुरक्षा है इसका बराबर ख्याल रखना चाहिए।
*झामुमो पलामू जिला अध्यक्ष गुड्डू सिन्हा ने प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा को दी बधाई*
झारखंड मुक्ति मोर्चा के पलामू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा उर्फ गुड्डू सिन्हा ने चंदन प्रकाश सिन्हा को पलामू जिला प्रशासन द्वारा नेक काम करने पर सम्मानित किए जाने पर उन्हें बधाई दिया है और कहा है कि इसी तरह हुए सामाजिक और मानवीय काम में आगे बढ़ते रहे। झामुमो परिवार उनके साथ बराबर खड़ा है।






