सरदार बल्लभ भाई पटेल के सार्थ शताब्दी के अवसर पर भारत भारती परिचय एवं प्रांतीय सम्मेलन सम्पन्न
जमशेदपुर, 23 अगस्त 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की सार्धशती के निमित्त भारत भारती झारखंड द्वारा “भारत भारती परिचय एवं प्रांतीय सम्मेलन” का आयोजन मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, साकची में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद श्री विद्युत वरण महतो जी थे। उन्होंने भारत भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरदार पटेल जी की 150वीं जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है और उनके राष्ट्र निर्माण एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में भारत भारती के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री संजय मेहरोत्रा, विहिप के प्रदेश अध्यक्ष श्री चंद्रकांत रायपत, स्वदेशी जागरण मंच के श्री मनोज कुमार सिंह, भारत भारती झारखंड के मार्गदर्शक ब्रिगेडियर बी.जी. पाठक एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता श्री मनोज कुमार सिंह ने सरदार पटेल के जीवन एवं उनके द्वारा देश की 565 रियासतों के एकीकरण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं भारत भारती झारखंड के प्रदेश सचिव श्री सुशील कुमार सिंह ने संस्था के उद्देश्य एवं देश के विभिन्न राज्यों में चल रहे कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के 60 से अधिक पूर्व सैनिकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में गुमला के श्रीधर ज्ञान संस्थान, टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट बर्मामाइंस, दयानंद पब्लिक स्कूल, गोविंद विद्यालय, राजा डांस एकेडमी तथा सिख समाज के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सभी प्रतिभागी बच्चों एवं शिक्षकों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भारत भारती झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजीव रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों, संस्थाओं, विद्यालयों, पूर्व सैनिकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, एकता एवं अखंडता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात लगभग 400 देशभक्तों ने सामूहिक भोज में सहभागिता की।





