हुसैनाबाद प्रखण्ड के बुधुआ ब्रह्मस्थान के पास लगे सोलर जलमीनार की स्टार्टर चोरी, जलापूर्ति बंद
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद, पलामू : हुसैनाबाद प्रखण्ड के बड़ेपुर पंचायत क्षेत्र के बुधुआ ब्रह्मस्थान रोड स्थित लगे जलमीनार से पेयजलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि जलमीनार में लगे सोलर पंप का स्टार्टर चोरी हो जाने के बाद से पानी की आपूर्ति ठप है। विडंबना यह है कि चोरी की घटना की सूचना अब तक पुलिस प्रशासन को भी नहीं दी गई है।
पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा बंद रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार से आसपास के लोगों को पानी उपलब्ध होता था, लेकिन पंप का स्टार्टर चोरी होने के बाद व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी योजना के तहत स्थापित जलमीनार के महत्वपूर्ण उपकरण की चोरी के बाद भी इसकी सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी गई। चोरी की घटना की प्राथमिकी नहीं होने से व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में बड़ेपुर पंचायत की मुखिया से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। पंचायत के कामकाज में मुखिया के पति की सक्रिय भूमिका को लेकर क्षेत्र में पहले से ही चर्चा रहती है। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि जलमीनार जैसी सार्वजनिक सुविधा की देखरेख और चोरी के बाद कार्रवाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।ग्रामीणों ने संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन से अविलंब जलमीनार के सोलर पंप का स्टार्टर लगाकर पेयजलापूर्ति बहाल कराने तथा चोरी की घटना की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी संसाधनों की सुरक्षा में लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।






