डीसी-एसपी ने लिया मेला क्षेत्र का जायजा, 23 जुलाई तक टेंट सिटी तैयार करने का आदेश.
राजकीय श्रावणी मेला- 2026
====================
डीसी-एसपी ने लिया मेला क्षेत्र का जायजा, 23 जुलाई तक टेंट सिटी तैयार करने का आदेश.
■ IMCR से होगी 24 घंटे निगरानी, श्रद्धालुओं को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उपायुक्त सौरभ भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार देर रात मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध कराना है।
डीसी और एसपी ने बाघमारा और कोठिया में बन रही टेंट सिटी का जायजा लिया। उपायुक्त ने कार्यदायी एजेंसी को सख़्त निर्देश दिए कि 23 जुलाई तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने में कोई परेशानी न हो। दोनों टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके बाद उपायुक्त ने कुमैठा स्टेडियम, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और नेहरू पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन स्थानों पर कतार प्रबंधन के लिए सुव्यवस्थित रास्ते बनाए जाएं। साथ ही स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र और सूचना सह सहायता केंद्र की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मेला क्षेत्र को भक्तिमय बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाने का कार्य भी समय पर पूरा करने को कहा गसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने IMCR कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जाए। संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
डीसी सौरभ भुवानियां ने कहा कि जिला प्रशासन राजकीय श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुलभ, सुरक्षित और सुखद आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, एसडीओ रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित DMFT टीम, संबंधित अधिकारी, अभियंता और एजेंसी के कर्मी उपस्थित थे।




