ट्रैक्टर ने बाईक सवार को मारी टक्कर, ईलाज के लिए मेदिनीनगर जाने के क्रम में मौत
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद, पलामू : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव के पास सोमवार देर शाम ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार लगभग 60 वर्षीय जयराम पासवान की मौत हो गयी। वह बिशनपुर गांव के निवासी थे।
परिजनों के अनुसार जयराम बाइक से हुसैनाबाद बाजार जा रहे थे। इसी दौरान लोटनियां पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय झरीखुर्द के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी व जवान विकास कुमार और महेंद्र कुमार पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि की एवं बताया कि घटना की जांच की जा रही है।मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





