गौ सम्मान अभियान के तहत गिरिडीह पहुंचे आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत पंचखंडपीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज का गिरिडीह आगमन हुआ। पवन धाम, राजस्थान से आए स्वामी सोमेंद्र महाराज को झारखंड एवं ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। अभियान के तहत गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं संवैधानिक संरक्षण, गौ सेवा के लिए केंद्रीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था तथा गौ आधारित कृषि एवं अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने जैसी मांगों को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। गिरिडीह जिले में अभियान के संचालन के लिए मुकेश जालान को जिला संगठन प्रभारी तथा अमित जालान को संयोजक बनाया गया है। कार्यक्रम में स्वामी सोमेंद्र महाराज के सान्निध्य में बड़ी संख्या में गौसेवक, सनातन धर्मावलंबी एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान बांके बिहारी शर्मा, प्रवीण बगरिया, अनिल धनवारिया, संजय डंगईच और दिनेश खेतान समेत कई गौसेवकों की मौजूदगी रही। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि उनके अनुसार गौ सेवा और संरक्षण धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने लोगों से अभियान से जुड़कर हस्ताक्षर अभियान को व्यापक बनाने की अपील की। अभियान का संदेश है— “गौ सेवा • गौ संरक्षण • सनातन संस्कृति • हमारा संकल्प।”






