गिरिडीह में पुलिस को धक्का देकर फरार हुआ गिरफ्तार मुखिया, कचहरी के सामने मचा हड़कंप
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट ले जा रही थी पुलिस, पहले से तैयार बोलेरो में बैठकर हुआ फरार; एसपी ने दिए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: गिरिडीह में पुलिस की गिरफ्त में आया एक मुखिया पुलिस पदाधिकारी को धक्का देकर फरार हो गया। घटना कचहरी परिसर के सामने की है। आरोपी मुखिया की पहचान विनोद साव के रूप में हुई है। वह स्थानीय पंचायत का मुखिया बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जमुआ थाना के नवडीहा ओपी कांड संख्या 218/26 में विभिन्न धाराओं के तहत विनोद साव को गिरफ्तार किया गया था। उस पर घर में घुसकर मारपीट, धमकी देने और महिला के साथ अभद्रता करने समेत गंभीर आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम कांड के अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल आरोपी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उसे कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कचहरी परिसर के सामने मौका पाकर विनोद साव ने पुलिस पदाधिकारी को जोर से धक्का दे दिया। पुलिस पदाधिकारी के जमीन पर गिरते ही आरोपी वहां पहले से तैयार खड़ी बोलेरो में सवार हुआ और फरार हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना नवडीहा ओपी प्रभारी को दी गई। इसके बाद जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास को जानकारी दी गई। मामले की सूचना मिलते ही जमुआ इंस्पेक्टर ने गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और खोरीमहुआ एसडीपीओ को घटना की जानकारी दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार मुखिया को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और बोलेरो समेत संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है I






