BREAKING NEWS

logo

सऊदी अरब में 9 दिनों से पड़ा है गिरिडीह के प्रवासी मजदूर का शव, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार...


● सऊदी अरब में 9 दिनों से पड़ा है गिरिडीह के प्रवासी मजदूर का शव, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार...

● ड्यूटी के दौरान हुई थी मौत, अब तक नहीं पहुंचा पार्थिव शरीर; परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार...

रांची एक्सप्रेस संवाददाता | बगोदर

गिरिडीह: सऊदी अरब में कार्यरत गिरिडीह के प्रवासी मजदूर द्वारिका महतो की मौत के नौ दिन बाद भी उनका पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंच सका है। इस कारण परिवार गहरे सदमे में है और अंतिम दर्शन की उम्मीदें धीरे-धीरे टूटती जा रही हैं। परिजन प्रशासन, केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से शव को जल्द भारत लाने की गुहार लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, द्वारिका महतो डुमरी थाना क्षेत्र के चिन्हों गांव के मूल निवासी थे। हालांकि पिछले कई वर्षों से वह अपने ससुराल बगोदर में घर जमाई के रूप में रह रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से वह सऊदी अरब गए थे, जहां वह केईसी कंपनी में कार्यरत थे।

बताया गया कि 20 जून को ड्यूटी के दौरान उनकी मौत हो गई। लेकिन घटना के नौ दिन बीत जाने के बावजूद उनका पार्थिव शरीर अब तक भारत नहीं लाया जा सका है। इससे परिवार की चिंता और पीड़ा लगातार बढ़ती जा रही है।

मृतक की पत्नी धनेश्वरी देवी ने सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनके पति का शव जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि परिवार अंतिम दर्शन कर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर सके। उन्होंने यह भी मांग की है कि संबंधित कंपनी से परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाए।

परिजनों का कहना है कि अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है, लेकिन शव भारत लाने की प्रक्रिया में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। परिवार ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मानवीय आधार पर तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।