BREAKING NEWS

logo

लापता युवक हत्याकांड का खुलासा, डुमरी जंगल से नर कंकाल बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने लापता युवक के चर्चित मामले का उद्भेदन करते हुए डुमरी थाना क्षेत्र के बरहा जंगल से युवक का नर कंकाल बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बाइक, पत्थर समेत अन्य सामान भी जब्त किया है पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी हृदय नारायण सिंह ने अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु (30) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया था कि एक युवती से जुड़े विवाद के कारण कुछ लोगों ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया है। इस आधार पर पचंबा थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (सीट ) का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र निवासी चंदन कुमार भेंगटा (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि युवती से विवाह को लेकर विवाद होने के कारण उसने शंकर कुमार सिंह की हत्या की।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह युवक को बहाने से मोटरसाइकिल पर बैठाकर डुमरी थाना क्षेत्र के बरहा जंगल ले गया, जहां पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को नाले में डालकर पत्थरों से ढंक दिया पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से मृतक का नर कंकाल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पत्थर, मृतक के कपड़े तथा एक चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।