BREAKING NEWS

logo

पानी संकट से जूझ रहा चक्रदाहा मध्य विद्यालय, 400 बच्चों की पढ़ाई और एमडीएम पर संकट


संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह 

गिरिडीह: बेंगाबाद प्रखंड के चक्रदाहा मध्य विद्यालय में पेयजल संकट गहराने से करीब 400 विद्यार्थियों की पढ़ाई और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। विद्यालय में कई दिनों से जलापूर्ति ठप रहने के कारण बच्चों को पीने के पानी और शौचालय उपयोग में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति से नाराज विद्यार्थियों ने गुरुवार को विद्यालय परिसर में बंद पड़े पानी टंकी के सामने प्रदर्शन कर जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि पानी की कमी के कारण विद्यालय में दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, स्कूल में लगे चापाकल से सोलर सिस्टम के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन चापाकल की बोरिंग धंस जाने के कारण कई दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह बंद है। इसके चलते रसोइयों को मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।

प्रधानाध्यापक और पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर खराब चापाकल की तत्काल मरम्मत कराने तथा वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था करने की मांग की है।

विद्यालय प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मध्याह्न भोजन योजना भी बाधित हो सकती है। ऐसे में बच्चों की शिक्षा और पोषण दोनों पर संकट गहरा सकता है। अब अभिभावकों और ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।