BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनता दरबार में 20-25 फरियादियों की सुनी गई शिकायतें, एक सप्ताह में समाधान का निर्देश


जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे करीब 20 से 25 लोगों ने जमीन विवाद, आपसी बंटवारा, राशन कार्ड, आंगनबाड़ी चयन, गोचर भूमि पर अतिक्रमण, जन्म प्रमाण पत्र, बैंक खाता परिवर्तन सहित विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में नारायणपुर प्रखंड के ग्रामीणों ने प्रधानी जमीन के नाम पर गैर प्रधान व्यक्ति द्वारा राशि वसूली और रसीद नहीं देने की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं फतेहपुर प्रखंड के बानरनाचा से आए जल छाजन समिति के सदस्यों ने एनजीओ पर भुगतान में वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया। उपायुक्त ने मामले की जांच के लिए आवेदन उप विकास आयुक्त को अग्रसारित किया।
एक महिला ने मायके वालों द्वारा राशन कार्ड से नाम नहीं हटाने की शिकायत की। इस पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा गोचर भूमि पर अतिक्रमण, आंगनबाड़ी सेविका चयन में पारदर्शिता तथा एसडीओ कोर्ट के आदेश के बाद गाय छुड़ाने में लगने वाली राशि कम करने संबंधी मामले भी सामने आए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। नियमानुसार होने वाले कार्यों का त्वरित निष्पादन करते हुए प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इस दौरान आमजन अपनी शिकायतें सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं।