अवैध खनन पर सख्ती, नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त
संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खनन कार्य पूरी तरह नियमों के अनुरूप हो और सरकार को राजस्व की कोई हानि न हो। उन्होंने खनन विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने, चेक पोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच करने तथा बिना चालान और ओवरलोड खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्ती बढ़ाने और सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में खनन गतिविधियों की सतत निगरानी रखने को कहा।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि खनन कार्यों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





