BREAKING NEWS

logo

मुंबई पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ साइबर ठग, बेंगाबाद में तीन दिन तक चली तलाश


2.47 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में ट्रॉम्बे पुलिस ने की छापेमारी, आरोपी राजा सलीम अंसारी की गिरफ्तारी के लिए जारी रहेगा अभियान

राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

मुंबई की ट्रॉम्बे पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के छोटकी खरगडीहा पंचायत अंतर्गत डोंगो गांव निवासी आरोपी राजा सलीम अंसारी की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया। हालांकि पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली और उसे खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। ट्रॉम्बे पुलिस का कहना है कि आरोपी अधिक दिनों तक कानून से बच नहीं पाएगा और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुंबई के ट्रॉम्बे थाना से पहुंचे पुलिस अधिकारी सूरज खेतल ने बताया कि पुलिस टीम के बेंगाबाद पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी राजा सलीम अंसारी फरार हो गया। पुलिस ने उस वाहन की भी पहचान कर ली है, जिससे आरोपी फरार हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध ट्रॉम्बे थाना में 22 जनवरी 2026 को कांड संख्या 30/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 43, 66(सी) एवं 66(डी) के तहत दर्ज है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुंबई के अणुशक्ति नगर निवासी 61 वर्षीय जयलक्ष्मी हनुमंत दिग्पुल्ली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल फोन पर महानगर गैस (एमजीएनएल) के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई। उक्त फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से फर्जी तरीके से 2 लाख 47 हजार 367 रुपये की निकासी कर ली गई।
शिकायत के बाद ट्रॉम्बे पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें साइबर अपराध का तार गिरिडीह जिले के बेंगाबाद क्षेत्र से जुड़ा पाया गया। तकनीकी जांच और सत्यापन के बाद डोंगो निवासी राजा सलीम अंसारी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद ट्रॉम्बे पुलिस स्थानीय बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए यहां पहुंची।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, लेकिन इससे पहले ही वह फरार हो चुका था। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जेएच-02 बीए-8335 नंबर की सफेद स्कॉर्पियो वाहन से भागा है। ट्रॉम्बे पुलिस ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
आरोपी की तलाश में ट्रॉम्बे पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसके बावजूद पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ कर उसे वापस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
काफी प्रयासों के बावजूद आरोपी का सुराग नहीं मिलने पर ट्रॉम्बे पुलिस रविवार की दोपहर वापस लौट गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी रहेंगे और उसे जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।