गिरिडीह में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 4000 किलो जावा महुआ व 300 लीटर अवैध शराब जब्त
संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह, रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ एवं 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि तैयार शराब को जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई 24 जून को हुई छापेमारी की अनुवर्ती कार्रवाई के रूप में की गई। संयुक्त टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपितों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में चले इस अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम एवं पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में पुलिस एवं गृह रक्षक बल के जवान भी शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





