तीन साल बाद बहू हत्याकांड की फरार आरोपी सास गिरफ्तार, भेजी गई जेल
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बहू हत्याकांड मामले में फरार चल रही आरोपी सास को बेंगाबाद पुलिस ने घटना के लगभग तीन वर्ष बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार महिला की पहचान मुफीदा बीबी (पति महमूद अंसारी) के रूप में हुई है, जो बेंगाबाद थाना कांड संख्या 121/23 की नामजद अभियुक्त है।
जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना के एसआई विजय मंडल के नेतृत्व में पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी मुफीदा बीबी को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 30 मई 2023 को बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बरामो स्थित रहमत नगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के कुल सात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पूर्व में ही हो चुकी थी, जबकि मुफीदा बीबी लगातार पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रही थी।
इस संबंध में एसआई विजय मंडल ने बताया कि कांड की नामजद अभियुक्त मुफीदा बीबी लंबे समय से फरार थी। गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





