फर्जीवाड़ा मामले में राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा हिरासत में, पचम्बा पुलिस कर रही पूछताछ
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: चर्चित फर्जीवाड़ा मामले में राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को पचम्बा थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार मुकेश सिन्हा पिछले कई दिनों से पुलिस की नजर से दूर थे। मामले की जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां फर्जीवाड़े से जुड़े विभिन्न पहलुओं और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मामले में वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों की सत्यता तथा कथित अनियमितताओं से जुड़े बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मुकेश सिन्हा से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में उनकी भूमिका और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटनाक्रम के बाद जिले में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।






