पहाड़पुर हत्याकांड का खुलासा: प्रेमिका ने फोन कर बुलाया, कमरे में गला रेतकर हत्या; शव के टुकड़े कर जलाने का प्रयास
दो दिनों में पुलिस ने सुलझाया जघन्य हत्याकांड, प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार, दो किशोर निरुद्ध
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
पहाड़पुर हत्याकांड का पुलिस ने दो दिनों के भीतर खुलासा करते हुए मामले में मृतक की प्रेमिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरिडीह सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने शनिवार को बेंगाबाद थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हत्याकांड से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मिथुन उर्फ कारू दास और सपना कुमारी के बीच पिछले करीब डेढ़ वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे सपना के परिजन पसंद नहीं करते थे। इसी विवाद के चलते किशोर की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई।
एसडीपीओ ने बताया कि सपना कुमारी ने ही फोन कर मिथुन को पहाड़पुर बुलाया था। रविवार की शाम प्रेमिका से मिलने पहुंचे मिथुन की पहले रेकी की गई। तीन लड़कों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और सपना के घर में प्रवेश करते ही उसे पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमिका के कमरे में ही धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े किए गए और उसे जलाने का प्रयास किया गया। शव पूरी तरह नहीं जल पाने पर उसे जमीन के नीचे दफना दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतक मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरियाडीह गांव का रहने वाला था। पूर्व में सपना के परिजनों ने मोरियाडीह जाकर मिथुन को समझाया था और सपना से मिलने से मना किया था। इसके बावजूद वह रविवार को पहाड़पुर पहुंच गया।
मामले में सपना कुमारी, उसके पिता जगदीश दास, मां रेशमी देवी तथा पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दो अन्य किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
हथियार समेत कई साक्ष्य बरामद
पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, आरी, खून लगा नीले रंग का जींस, जले हुए कपड़ों के टुकड़े एवं चेन, प्लास्टिक की बोतल में आधा भरा मिट्टी का तेल, खून लगी बेडशीट, तकिया कवर, एक जोड़ा जूता, खून लगे तीन शादी के कार्ड, खून लगी ओढ़नी तथा कांड में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, पुलिस इंस्पेक्टर बमबम कुमार, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, एसआई विजय मंडल, जगन्नाथ पान सहित बेंगाबाद थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे।
एसडीपीओ ने कहा कि हत्याकांड का दो दिनों के भीतर सफल उद्भेदन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को रिवॉर्ड देकर सम्मानित करने के लिए जिला मुख्यालय को अनुशंसा पत्र भेजा जाएगा।






