अवैध बालू परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त; चालक फरार
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद क्षेत्र में प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध बालू खनन एवं परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को पुलिस ने गिरिडीह कॉलेज के समीप छापेमारी कर अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर बेंगाबाद थाना लाया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और एसआई जगन्नाथ पान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरिडीह कॉलेज के समीप अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही बालू लदे ट्रैक्टर के चालक ने वाहन रोक दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद विभिन्न नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। एनजीटी के नियमों की अनदेखी कर बालू का अवैध कारोबार किए जाने को लेकर प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई जारी रहेगी।






