प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय गावां में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन, अजीत शर्मा बने अध्यक्ष
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गावां: प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, गावां में मंगलवार को जिला परिषद सदस्य पवन कुमार चौधरी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से अजीत शर्मा को समिति का अध्यक्ष तथा गुड़िया कुमारी चौधरी को उपाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रधानाध्यापक नवीन कुमार पासवान ने अतिथियों एवं ग्रामीणों के स्वागत के साथ की। उन्होंने विद्यालय संचालन में विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षक प्रमोद कुमार राय की देखरेख में पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।
समिति के 15 सदस्यों के चयन के बाद अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजीत शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में नवनिर्वाचित समिति के सदस्यों ने विद्यालय के चहुंमुखी विकास, पठन-पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक नवीन कुमार पासवान, पंकज कुमार दास, शिवकुमार यादव, अनिल पांडे, कौशिक कुमार सहित समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





