गोड्डा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य शिविर, 796 विद्यार्थियों की हुई जांच
• 236 बच्चों की नेत्र जांच में 40 में परेशानी, 335 की एनीमिया जांच में 24 मिले एनीमिक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में मंगलवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, परिसर में विशेष आउटरीच हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 796 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक खान-पान एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। शिविर के दौरान 236 बच्चों की नेत्र जांच में 40 बच्चों में नेत्र संबंधी परेशानी पाई गई। वहीं 96 बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, 53 की टीबी स्क्रीनिंग तथा 64 बच्चों का टीडी वैक्सीनेशन किया गया। 153 बच्चों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित टी-4 कैंप में टेस्ट, ट्रीट, टॉक एवं ट्रैक प्रक्रिया के तहत 335 बच्चों की एनीमिया जांच की गई, जिसमें 24 बच्चे एनीमिक पाए गए। एनीमिक बच्चों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई। विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के स्वास्थ्य की समय पर जांच एवं समस्याओं की पहचान में काफी उपयोगी हैं। जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने कहा कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने एवं उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर शिविर में डॉ. शक्ति नाथ सिंह, डॉ. ब्यूटी कुमारी, डॉ. राहुल कुमार सिफिल, डॉ. प्रवीण कुमार भारती, डॉ. जूही कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद थे।






