मुहर्रम पर पूरी रात मुस्तैद रहा प्रशासन, डीसी-एसपी और डीडीसी ने शहर का किया भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने देर रात तक शहर के संवेदनशील इलाकों, जुलूस मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु यश कुमार समेत अन्य वरीय अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
जिला नियंत्रण कक्ष से पूरे जिले में निकल रहे मुहर्रम और ताजिया जुलूसों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं पर प्रशासन की सतत नजर रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिलेवासियों से सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व-त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की सतर्क निगरानी, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और आम नागरिकों, शांति समिति, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा मीडिया के सहयोग से पूरे जिले में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।





