BREAKING NEWS

logo

जिले में 2,337 बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा अभियान, व्यापक तैयारियां पूरी


● 28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, गिरिडीह में 4.91 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक...

● जिले में 2,337 बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा अभियान, व्यापक तैयारियां पूरी...

● 4,793 कर्मी, 476 से अधिक सुपरवाइजर, 45 ट्रांजिट एवं 9 मोबाइल दल रहेंगे तैनात...

संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह 

गिरिडीह: जिले में 28 जून से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 4,91,038 बच्चों को पोलियो से बचाव की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जिले के विभिन्न केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिए पूरे जिले में 2,337 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 4,793 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कर्मी अपनी सेवाएं देंगे।

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 453 सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त किए गए हैं। वहीं, यात्रा कर रहे एवं छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 45 ट्रांजिट दल तथा 9 मोबाइल दल का गठन किया गया है, जिनकी निगरानी 23 सुपरवाइजर करेंगे।

इसके अलावा वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण के लिए जिले में 210 सब-डिपो बनाए गए हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु जिले को 6,21,180 डोज बीओपीवी (BOPV) वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है।

जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से असुरक्षित न रह जाए और पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत बनाया जा सके।