बगोदरडीह-मांझलाडीह पुरानी जीटी रोड की खराब स्ट्रीट लाइट जल्द होगी दुरुस्त
विधायक नागेंद्र महतो ने विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बगोदर (गिरिडीह)। बगोदर बाजार स्थित बगोदरडीह से मांझलाडीह तक जाने वाली पुरानी जीटी रोड पर पिछले कई महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। इसे लेकर बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो ने शनिवार को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में विधायक ने बगोदर एसडीओ संतोष गुप्ता, बिजली विभाग के एसडीओ राकेश कुमार एवं आरसीडी के सहायक अभियंता बाल कृष्ण टुडू को खराब स्ट्रीट लाइट को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट खराब रहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को रात में काफी परेशानी होती है। ऐसे में इसे जल्द चालू कराया जाना जरूरी है। विभागीय पदाधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही खराब लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कर दिया जाएगा।
वहीं, बगोदरडीह ओवरब्रिज के समीप बने स्पीड ब्रेकर को लेकर भी विधायक ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि स्पीड ब्रेकर के कारण यहां अक्सर दुर्घटना की स्थिति बनती है। उन्होंने स्पीड ब्रेकर पर रेडियम स्टीकर लगाने का निर्देश दिया, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही इसकी जानकारी मिल सके।इसके अलावा सरिया रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों की भी जल्द मरम्मत कराने का निर्देश विधायक ने दिया।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि बिनोद यादव, भाजपा नेता राजू सिंह, बब्लू मंडल, जीबलाल महतो, सांसद प्रतिनिधि सोनू सिंह, मंडल अध्यक्ष गौतम कुमार, जितेंद्र महतो, श्रीकांत यादव, संतोष रविदास समेत कई लोग मौजूद थे।






