करौं से सारठ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क कीचड़ में तब्दील, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : करौं प्रखंड के बेहराजाल गांव से सारठ प्रखंड के बालमो गांव होते हुए नवाडीह, सिरियां, सियाकनारी सहित अन्य गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। पूरी सड़क दलदल और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
यह सड़क करौं और सारठ दोनों प्रखंडों के हजारों ग्रामीणों की लाइफलाइन है। रोजाना इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, किसान और नौकरीपेशा लोग आते-जाते हैं। लेकिन सड़क पर घुटने भर कीचड़ जमा होने से पैदल चलना भी दूभर हो गया है। साइकिल और मोटरसाइकिल तो दूर, पैदल चलने पर भी लोग फिसल कर गिर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरी सड़क सारठ विधानसभा क्षेत्र में आती है, लेकिन आज तक न तो विधायक और न ही सांसद ने इसकी सुध ली है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, पर अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। बरसात में स्थिति और भी नारकीय हो जाती है।
इस संबंध में बेहराजाल और बालमो गांव के संजय सिंह, रोहित सिंह, महेश सिंह, नकुल पंडित, चांद हेमरम, बलराम हेंब्रम, रविंद्र हेंब्रम, लेलिन हेमरम, जुगल महतो, पवन यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह से जनहित में जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।






