पिकनिक के दौरान बटाने नदी में डूबे तीन युवक, एक को बचाया, दो लापता
वीडियो बनाने के दौरान तेज धार और गहरे पानी में बहे युवक, स्थानीय लोगों ने एक को निकालकर पहुंचाया सीएचसी
पलामू ;हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा गांव के समीप बटाने नदी बेलघाटी पुल के समीप शनिवार को पिकनिक मनाने आए तीन युवक बटाने नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक समाचार लिखे जाने तक लापता थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी गई। नदी से बाहर निकाले गए युवक की पहचान औरंगाबाद जिले के टिकरी थाना क्षेत्र के मिनी बिगहा निवासी स्वर्गीय रामनरेश साव के 40 वर्षीय पुत्र राजेंद्र साव के रूप में हुई है। उसे बेहोशी की हालत में इलाज के लिए हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। घटना पीड़ित युवकों के साथ आए लोगों ने बताया कि रितिक और टेनी नामक दो युवक अभी भी नदी में लापता हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकनिक मनाने आए युवकों में से तीन युवक बटाने नदी में उतरकर वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गए और बहने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी किनारे मौजूद लोगों ने युवकों को गहरे पानी में जाने से मना किया था, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में थे। इसके बाद तेज धार में फंसकर तीनों युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद राजेंद्र साव को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन दो अन्य युवकों का पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना के एसआई अजय कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। स्थानीय लोगों द्वारा काफी देर तक नदी में लापता युवकों की तलाश की गई, लेकिन तेज धार और अधिक गहराई के कारण उनका पता नहीं चल सका। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लापता युवकों की तलाश जारी थी।
फोटो कैप्शन। बटाने नदी में युवक के डूबने के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़, तथा सीएचसी में इलाजरत युवक






