BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

SIR कैंप में हंगामा! बिरने मुखिया ने गावां सीओ पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप, हटाने की मांग


रांची एक्सप्रेस संवाददाता गावां

गावां, गिरिडीह। SIR को लेकर चल रहे विशेष अभियान के बीच शनिवार को गावां प्रखंड की बिरने पंचायत सचिवालय में आयोजित कैंप के दौरान विवाद सामने आया। बिरने पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने गावां अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार पर ग्रामीणों और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

मुखिया चंदन कुमार का आरोप है कि SIR कैंप में पहुंचे ग्रामीणों के कागजात को कथित तौर पर फेंका जा रहा था और उनके साथ भी अमर्यादित तरीके से बातचीत की गई। मुखिया के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी कथित रूप से “तुम-तड़ाक” में बात की गई।

मुखिया ने बताया कि SIR को लेकर उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी, बावजूद इसके उन्होंने मानवता के आधार पर कैंप में आने वाले लोगों के लिए अपनी ओर से नाश्ते की व्यवस्था की थी। उनका आरोप है कि सीओ ने नाश्ता लेने से इनकार करते हुए उसे फेंक देने की बात कही।

इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो मुखिया ने सोशल मीडिया पर जारी किया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

पूर्व विधायक ने जताई नाराजगी

मामले पर पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ असंसदीय और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए गावां सीओ से माफी मांगने की बात कही और कहा कि इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

निर्वाचन आयोग और उपायुक्त से कार्रवाई की मांग

बिरने मुखिया चंदन कुमार ने निर्वाचन आयोग, गिरिडीह उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने बिरने पंचायत के लोगों के SIR से जुड़े मामलों का निष्पक्ष तरीके से समाधान कर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की मांग की है।

इसके साथ ही मुखिया ने गावां अंचलाधिकारी को तत्काल वहां से हटाने की मांग भी की है।

हालांकि, सीओ अभिषेक कुमार की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर फिलहाल उनका पक्ष सामने नहीं आया है।