BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आस्था के सम्मान की दिशा में सराहनीय पहल


पूजा सामग्री के पैकेट एवं उत्पादों पर देवी-देवताओं के चित्र लगाने के बाद उपयोग के पश्चात उन पैकेटों को कूड़ेदान अथवा जमीन पर फेंके जाने से धार्मिक आस्था आहत होने की संभावना को देखते हुए झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुमेर सेठी जैन के भाई श्री कमल जैन द्वारा पिछले कुछ वर्षों से एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत पूजा सामग्री का उत्पादन करने वाले निर्माताओं से आग्रह किया जा रहा है कि वे उत्पादों की पैकिंग पर देवी-देवताओं के चित्र का प्रयोग न करें, ताकि पूजा सामग्री के उपयोग के बाद पैकेटों के इधर-उधर फेंके जाने से धार्मिक भावनाएं आहत न हों।

इसी क्रम में जमशेदपुर के मनीफिट निवासी श्री प्रभुदयाल गुप्ता द्वारा निर्मित श्री श्याम कपूर की पैकिंग पर भी बाल कृष्ण का चित्र अंकित था। श्री कमल जैन द्वारा काफी समय से इस विषय को लेकर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा था। 

इसके बाद इस विषय में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल एवं महासचिव श्री प्रदीप मिश्रा से भी संपर्क किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए श्री प्रभुदयाल गुप्ता से इस संबंध में बातचीत की और सकारात्मक पहल का आग्रह किया।

सम्मेलन के पदाधिकारियों के हस्तक्षेप एवं श्री कमल जैन के निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया। श्री प्रभुदयाल गुप्ता ने अपनी ब्रांडिंग में बदलाव करते हुए कपूर की पैकिंग से बाल कृष्ण का चित्र हटा दिया है। नई पैकिंग में धार्मिक चित्र के स्थान पर आकर्षक एवं सम्मानजनक ब्रांडिंग की गई है।

यह पहल धार्मिक आस्था के सम्मान और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक अनुकरणीय कदम है। इस अवसर पर श्री कमल जैन ने श्री प्रभुदयाल गुप्ता के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पूजा सामग्री बनाने वाले अन्य निर्माता भी इसी प्रकार संवेदनशीलता दिखाएं तो धार्मिक आस्था के सम्मान को बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी।

पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने भी इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में ऐसे विषयों पर जागरूकता और आपसी संवाद के माध्यम से ही स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।