अरका जैन यूनिवर्सिटी : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार बोले- युवा ही लोकतंत्र की असली ताकत
यूनिवर्सिटी में ईएलसी फेस्ट का ग्रैंड फिनाले
लौहनगरी जमशेदपुर स्थित अरका जैन यूनिवर्सिटी में चुनावी महाकुंभ का मंच सजा। सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया स्थित यूनिवर्सिटी परिसर में यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिला स्तरीय ईएलसी फेस्ट 2026 का ग्रैंड फिनाले संपन्न हुआ। यह आयोजन जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाना था। विद्यार्थियों को जागरूक मतदाता बनाने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिले के उपायुक्त नितेश कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम में लोकतंत्र के मूल्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि के. रवि कुमार ने प्रतिभागी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा ही लोकतंत्र की असली ताकत हैं। चुनावी साक्षरता से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण होता। युवाओं को निष्पक्ष मतदान का महत्व समझना होगा। सही जानकारी से ही योग्य प्रतिनिधि चुने जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान में भाग लेने को कहा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर वोट कीमती है। जागरूक मतदाता ही एक सशक्त समाज बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र का ध्वजवाहक बनने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि उपायुक्त नितेश कुमार ने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, मतदाता जागरूकता लोकतंत्र की मजबूत नींव है। नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि बड़ा कर्तव्य है। ऐसे आयोजन युवाओं को जिम्मेदारी का अहसास कराते हैं। स्वतंत्र और विवेकपूर्ण निर्णय लेना बहुत आवश्यक है। इस अवसर पर जिला उपनिर्वाचन अधिकारी पारुल सिंह, एसडीओ, नगर निगम आयुक्त, सीओ गम्हरिया एवं अरका जैन यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव तथा इलेक्टोरल क्लब के समन्वयक डॉ मनोज पाठक मौजूद रहे।
फेस्ट में कुल 10 विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। वॉक्स पॉपुली डिबेट में चुनावी मुद्दों पर बहस हुई। इलेक्ट्राक्वेस्ट क्विज में चुनावी ज्ञान की परीक्षा हुई। एगोरा ओरैटरी में छात्रों ने वक्तृत्व कला दिखाई। सिविकवर्स में चुनावी भूमिकाओं का शानदार अभिनय हुआ। पोलिस प्रोटोकॉल में चुनाव संबंधी समाधान खोजे गए। ज्यूरिसबैलेट में चुनावी अदालत की न्यायिक प्रक्रिया दिखी। क्रोमोक्रेसी पोस्टर मेकिंग में रंगों से संदेश दिए। सिनेवोट 60 में मतदाता जागरूकता की रील्स बनीं। डेमोस थिएटर में नुक्कड़ नाटकों का मंचन हुआ। रिपब्लिका लाइव में प्रतीकात्मक मॉक इलेक्शन कराया गया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए विशेष निर्णायक मंडल बना। इसमें आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर शामिल रहे। सरायकेला एसडीएम सह ईआरओ अभिनव प्रकाश उपस्थित थे। सहायक नगर आयुक्त सह अतिरिक्त एईआरओ अमित कुमार रहे। कार्यपालक अभियंता पंकज झा ने प्रतियोगिताओं का आकलन किया। गम्हरिया अंचल अधिकारी सह एईआरओ प्रवीण कुमार मौजूद रहे। जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा भी निर्णायक बने |
निर्णायक मंडल की विशेषज्ञता ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों के हुनर को खूब सराहा। इस फेस्ट ने किताबी ज्ञान को जमीनी अनुभव दिया। विद्यार्थियों ने चुनाव के हर पहलू को गहराई से समझा। युवाओं ने लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। विजेताओं को जिला प्रशासन की ओर से मेडल्स दिये गए । विदित हो कि मतदाताओं की सामाजिक जागरूकता का पूरे झारखंड में यह पहला कार्यक्रम रहा।






