करीम्स एजुकेशनल कॉम्प्लेक्स में SIR-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जमशेदपुर, 29 जून 2026:
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत करीम्स एजुकेशनल कॉम्प्लेक्स में छात्र-छात्राओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा मतदाता सूची के महत्व की विस्तृत जानकारी मतदाता साक्षरता क्लब द्वारा दी गई ।
कार्यक्रम में करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़, सेंट्रल करीमिया प्लस-2 हाई स्कूल की प्राचार्या श्रीमती वाहेदा तबस्सुम, करीम सिटी इंटर कॉलेज, मानगो के प्राचार्य शाहनवाज़, करीम सिटी कॉलेज के नोडल पदाधिकारी सैयद साजिद परवेज, सेंट्रल करीमिया स्कूल के नोडल पदाधिकारी एमडी फखरुद्दीन अंसारी तथा करीम सिटी इंटर कॉलेज के नोडल पदाधिकारी बलराम उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें।
करीम सिटी कॉलेज के नोडल पदाधिकारी सैयद साजिद परवेज ने छात्र-छात्राओं को SIR-2026 की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, पते में परिवर्तन तथा अन्य आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान SIR-2026 से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों की भी जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
अर्हता तिथि : 01 अक्टूबर 2026
तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य : 20 जून से 29 जून 2026
BLO द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह : 30 जून से 29 जुलाई 2026
मतदान केंद्रों का पुनर्गठन : 29 जुलाई 2026 तक
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन : 05 अगस्त 2026
दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि : 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026
नोटिस एवं दावे/आपत्तियों का निस्तारण : 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 07 अक्टूबर 2026
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने SIR-2026 से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। यह जागरूकता कार्यक्रम SIR-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





