BREAKING NEWS

logo

बूथ स्तर को मजबूत करने का आह्वान, सिदगोड़ा में BLA प्रशिक्षण शिविर संपन्न


सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आज एक दिवसीय बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं (BLA) के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डे थे।
प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय समिति के सदस्यों के साथ जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में जिला समिति के पदाधिकारी, कई विधायक एवं पूर्व विधायक उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड समिति के सदस्य, पंचायत अध्यक्ष तथा प्रत्येक बूथ से चयनित BLA बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं BLA को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची प्रबंधन तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य अतिथि विनोद कुमार पाण्डे ने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में प्रत्येक बूथ समिति एवं BLA की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि BLA को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा हो।
अपने संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के चुनावों में मतदाता सूचियों से नाम हटाने जैसी घटनाएं देखने को मिली हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क एवं प्रशिक्षित रहकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक और सशक्त मतदाता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं।
प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सबिता महतो, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सोमेश चन्द्र सोरेन, मोहन कर्मकार, शेख बदरुद्दीन,हिदायत खान,प्रमोद लाल, सुमन महतो, राजू गिरी, कुणाल षड़ंगी, लक्ष्मण टुडू, बारी मुर्मू, पंकज सिन्हा, सोमवारी सोरेन एवं सरोज महापात्र सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया।