BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल,आदित्यपुर में पहली एंजियोग्राफी सफलतापूर्वक संपन्न


नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर, जमशेदपुर ने उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं और कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित किया है। अस्पताल की अत्याधुनिक कैथ लैब में पहली कोरोनरी एंजियोग्राफी सफलतापूर्वक पूरी की गई। यह जटिल प्रक्रिया 81 वर्षीय वृद्ध मरीज लखन साव पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बिमलेन्दु कुमार एवं उनकी कार्डियक टीम द्वारा संपन्न की गई।

81 वर्षीय  मरीज लखन साव, जो मूल रूप से चतरा के निवासी हैं और वर्तमान में गोविंदपुर  में रह रहे हैं, सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। मरीज की अधिक उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. बिमलेन्दु कुमार ने त्वरित निदान के लिए एंजियोग्राफी का निर्णय लिया। आधुनिक कैथ लैब की उच्च तकनीक की सहायता से प्रक्रिया बिना किसी जटिलता के पूरी हुई।  मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए उपचार के दौरान डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ द्वारा विशेष देखभाल बरती गई, साथ ही यह पूरी प्रक्रिया अन्य निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम खर्च पर संपन्न हुई। आधुनिक कैथ लैब की उच्च तकनीक की सहायता से प्रक्रिया बिना किसी जटिलता के पूरी हुई, जिसके बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर और सुरक्षित है।

वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. बिमलेन्दु कुमार के अनुसार,"81 वर्ष की उम्र में किसी भी इनवेसिव कार्डियक प्रक्रिया के लिए अत्यधिक सतर्कता और उन्नत तकनीकी बैकअप की आवश्यकता होती है। हमारी अत्याधुनिक कैथ लैब में न्यूनतम रेडिएशन और सटीक डिजिटल इमेजिंग के माध्यम से हम इस पहली एंजियोग्राफी को पूरी सफलता और सुरक्षा के साथ अंजाम दे सके। समय पर सटीक निदान मिलने से हृदय रोगों का प्रभावी उपचार संभव हो पाता है।"

संस्थान के चेयरमैन श्री मदन मोहन सिंह ने इस उपलब्धि पर कार्डियोलॉजी विभाग और संपूर्ण मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा,"NSMCH, आदित्यपुर में पहली सफल एंजियोग्राफी का संपन्न होना हमारे उस संकल्प की सिद्धि है, जिसके तहत हमने क्षेत्र के आम नागरिकों को विश्वस्तरीय कार्डियक सेवाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। अब कोल्हान, चतरा और आसपास के सुदूर क्षेत्रों के मरीजों को एंजियोग्राफी या एंजियोप्लास्टी जैसी प्रक्रियाओं के लिए रांची, कोलकाता या अन्य महानगरों में भटकने की जरूरत नहीं है। हमारा ध्येय हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।"

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस सफलता के साथ ही अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन हृदय रोग सेवाएं (इमरजेंसी कार्डियक केयर), प्राइमरी एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण की सुविधाएं पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं।