आईएफएसी (Institute of Fine Arts & Crafts) द्वारा 28 जून को सिदगोड़ा स्थित अमल संघ, जमशेदपुर में वार्षिक उत्सव (Annual Day Celebration) का आयोजन किया गया। वर्ष 2009 से संचालित इस संस्थान में लगातार ड्राइंग की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। समारोह में लगभग 110 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संस्थान की ओर से मई माह में प्रत्येक सप्ताह "Weekly Challenge" के नाम से ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार (Consolation Prize) दिया गया। कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को कस्टमाइज्ड प्रमाण-पत्र (Customized Certificate) एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं गायन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, प्रोफेशनल गायकों की मधुर प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में प्रोफेशनल कलाकारों के रूप में रूमा, सोमा, पलाश एवं अभिजीत ने अपनी प्रस्तुति दी। वार्षिक उत्सव में लगभग 200 से 250 लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमडी साजिद (कलाकार), चक्रधरपुर रहे। संस्थान की संस्थापक एवं प्राचार्य सुमनता कुमारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी बच्चों की कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
आईएफएसी संस्थान का वार्षिक उत्सव संपन्न, 110 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया सम्मानित





