BREAKING NEWS

logo

पांडु में अवैध बालू का बड़ा जखीरा जब्त, खनन विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 48 सौ सीएफटी अवैध बालू जब्त


मो. सफी
पलामू: पांडु प्रखंड में अवैध बालू के खनन और भंडारण को लेकर प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पांडु क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर लगभग 48 सौ सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू को जब्त किया। कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि उत्कल मेल ने पांडु क्षेत्र में अवैध बालू के उठाव और बड़े पैमाने पर भंडारण को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। विशेष रूप से 22 जून को पांडु के कुटमू में अवैध रूप से स्टॉक किए गए बालू की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और संदिग्ध स्थानों पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध बालू जब्त किया गया। साथ ही संबंधित लोगों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एनजीटी की रोक और समय-समय पर छापेमारी के दावों के बावजूद पांडु क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन एवं भंडारण का कारोबार जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर बालू का भंडारण आखिर किसकी निगरानी में होता रहा।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।