मुहर्रम पर भाईचारे और इंसानियत का संदेश,पांडू प्रखंड में शांतिपूर्वक निकले ताजिया जुलूस
दीपक यादव/पांडू:पलामू जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में मुहर्रम का पर्व श्रद्धा,अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।इस अवसर पर विभिन्न गांवों से पारंपरिक ताजिया जुलूस अपने-अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए बारवाही कर्बला पहुंचे,जहां कुटमू,बारहवीं और लेदुका से आए ताजिया जुलूसों का मिलन हुआ।पूरे आयोजन के दौरान हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे,प्रेम और सामाजिक एकता का परिचय दिया।मुहर्रम के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन एवं कर्बला के मैदान में उनके 72 साथियों की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।वक्ताओं ने कहा कि मुहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं,बल्कि सत्य,न्याय,त्याग और इंसानियत की रक्षा के लिए संघर्ष का प्रतीक है। यह पर्व अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने तथा मानवता की रक्षा के लिए हर संभव बलिदान देने की प्रेरणा देता है।बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग ताजिया जुलूस में शामिल हुए।पूरे क्षेत्र में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।प्रशासन,पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किए गए।लोगों ने समाज में प्रेम,शांति,भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।मुहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।पांडू थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय स्वयं विभिन्न जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।उनकी निगरानी में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा,जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग करते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई





