BREAKING NEWS

logo

रेड क्रॉस जमशेदपुर द्वारा रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


जमशेदपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा समाजसेवी एवं संरक्षक स्व. के.के. सिंह की जयंती के अवसर पर 28 जून को रेड क्रॉस भवन, साकची में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।

कार्यक्रम के आयोजन में के.के. एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट का सहयोग रहेगा। रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा विशेष रूप से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की गई है। बताया गया कि वर्तमान समय में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, जबकि रक्तदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम हो रही है।

इससे पूर्व आयोजित रक्तदान शिविर में 348 यूनिट रक्त संग्रह कर सफलता हासिल की गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार भी बड़े स्तर पर शिविर आयोजित किया जा रहा है।

इसके अलावा 30 जून को डोमजुड़ी पंचायत भवन में स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) के सीएसआर पहल के तहत आयोजित होगा।

रेड क्रॉस सोसायटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों से दोनों शिविरों में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।