उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त आवेदनों पर यथोचित कार्रवाई के दिए निर्देश
समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामूहिक हित व अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन एवं ज्ञापन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। जन शिकायत निवारण दिवस में स्कूल फीस माफी, बोड़ाम प्रखंड के कदमजोड़ा गांव के ग्राम प्रधान को हटाने, आर्म्स लाइसेंस, वृद्धा पेंशन, आवास, जमीन विवाद तथा मुसाबानी क्षेत्र में कारखाने से होने वाले प्रदूषण समेत जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए यथोचित एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित विभागीय पदाधिकारी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जानकारी उपलब्ध कराएं।






