मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता बैठकें आयोजित करने के दिए गए निर्देश
------------------------------
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविन्द्र भवन सभागार, साकची में विभिन्न वोटर अवेयरनेस फोरम (VAF) तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं समयबद्ध गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की प्रविष्टियों का समुचित सत्यापन किया जा सके।
प्रशिक्षकों ने कहा कि वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब निर्वाचन संबंधी जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, सरकारी कर्मियों तथा आम नागरिकों तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी तथा पात्र मतदाताओं को आवश्यक प्रपत्र भरने एवं समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों/कंपनियों में बैठकें आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में व्यापक जागरूकता फैलाएं। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए लोगों को प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इस अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों के आयोजन, संस्थागत स्तर पर संवाद कार्यक्रम संचालित करने तथा निर्वाचन संबंधी सही एवं प्रामाणिक जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।





