एकलव्य विद्यालय में आयोजित हुई मॉडल यूथ ग्रामसभा, विद्यार्थियों को बताई गई ग्रामसभा की कार्यप्रणाली
ग्राम विकास में युवाओं की भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का उद्देश्य
रिपोर्ट: उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा। जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में मॉडल यूथ ग्रामसभा का आयोजन दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में पंचायत सचिव अमर सिंह एवं मुखिया मिथिला मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को ग्रामसभा की कार्यप्रणाली तथा ग्रामीण विकास में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत सचिव अमर सिंह ने कहा कि मॉडल यूथ ग्रामसभा जैसे आयोजनों से गांव के विकास में युवाओं की भागीदारी और अधिक बढ़ेगी। विद्यालयों में इस तरह के कार्यक्रम शुरू करना सरकार की एक अच्छी पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामसभा की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और गांव के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक करना है।
वहीं, मुखिया मिथिला मुर्मू ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामसभा की प्रक्रिया और स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में धरातल पर आने वाली समस्याओं को किस प्रकार समझा जाता है और उनका समाधान करने के लिए स्थानीय स्तर पर क्या प्रयास किए जाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद नईम अंसारी ने कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों की भी जानकारी मिल सके। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक सत्या गोप, रितिक कुमार, चिन्मय माजी, रौनक राज, रवि लाल हंसदा, अनूप चक्रवर्ती, नयन बनर्जी, मांपी रक्षित, राजीव महतो, मनोज मंडल, पीयूष सिन्हा, सद्दाम हुसैन, शहनाज खातून, चंचल कुमारी एवं मनीष झा सहित शिक्षकेतर कर्मचारी दिशा कुमारी, जयराम मंडल, असगर अंसारी, संजीव सोरेन, पंकज, पिंटू मंडल और सरफराज अंसारी समेत अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।


.jpg)



