BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छात्रों के हित में सरकार का बड़ा और सराहनीय फैसला : शबाना ख़ातून


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा JSSC-CGL सहित TDPL से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले का झारखंड कांग्रेस प्रदेश कमेटी की महासचिव शबाना खातून ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. शबाना खातून ने कहा कि लंबे समय से छात्र परीक्षा में अनियमितताओं और पारदर्शिता को लेकर अपनी आवाज उठा रहे थे. सरकार ने छात्रों की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता और युवाओं की आवाज के सम्मान का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि अब सरकार को जल्द से जल्द निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह पेपर-लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था तैयार करनी चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो. नई परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे. उन्होंने बताया कि हमारी प्राथमिकता झारखंड के युवाओं का भविष्य है. मेहनत करने वाले छात्रों को उनका हक मिलना चाहिए. सरकार का यह फैसला तभी पूरी तरह सफल माना जाएगा, जब आगे होने वाली सभी भर्ती परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आयोजित होंगी. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि परीक्षा रद्द होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए आगे की परीक्षा प्रक्रिया की स्पष्ट समय-सारणी जल्द जारी की जाए, ताकि छात्रों को अनिश्चितता का सामना न करना पड़े.