एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर हासिल करते थे बैंकिंग की गोपनीय जानकारी, चार मोबाइल व पांच सिम बरामद।
उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महताब अंसारी (27), पिता स्वर्गीय मुख्तार अंसारी, ग्राम बरमुण्डी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, करमाटांड़ थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो समेत पुलिस टीम ने ग्राम सकलपुर से बरमुण्ड जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के समीप ट्रांसफार्मर पोल के पास बांस की झाड़ी में छापेमारी की। इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 06 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी और उसका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







