सदर अस्पताल परिसर में राजा जंगबहादुर सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग
रांची एक्सप्रेस
जामताड़ा। जामताड़ा राजबाड़ी के वंशज नित्यगोपाल सिंह, नंदगोपाल सिंह एवं अजय प्रसाद सिंह ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जामताड़ा सदर अस्पताल परिसर में राजा स्व. जंगबहादुर सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि जामताड़ा सदर अस्पताल जिस जमीन पर बना है, वह उनके पूर्वजों द्वारा अस्पताल निर्माण के लिए दान में दी गई थी।आवेदनकर्ताओं ने बताया कि जामताड़ा अनुमंडल के सदर अस्पताल की खेवट संख्या 447 एवं खेसरा संख्या 2887 की जमीन अस्पताल निर्माण के लिए उनके पूर्वजों द्वारा दान की गई थी। आवेदन में बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के पत्र संख्या 337, दिनांक 30 अप्रैल 2024 का हवाला देते हुए कहा गया है कि उक्त भूमि के दाता के रूप में जमींदार राजा स्व. जंगबहादुर सिंह का नाम दर्ज है।राजबाड़ी के वंशजों ने कहा कि उनके परिवार एवं पूर्वजों ने जामताड़ा जेबीसी स्कूल के लिए भी जमीन उपलब्ध कराई थी, जिस पर पूर्व में स्कूल भवन एवं हॉस्टल का निर्माण हुआ था। वर्तमान में उसी स्थान पर नया भवन भी बनाया गया है। आवेदन में इन ऐतिहासिक योगदानों का उल्लेख करते हुए राजा जंगबहादुर सिंह की स्मृति को संरक्षित करने की आवश्यकता जताई गई है।आवेदनकर्ताओं ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि सदर अस्पताल के मुख्य भाग के समीप उपयुक्त स्थान पर राजा स्व. जंगबहादुर सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही प्रतिमा स्थल के आसपास की दीवार को आकर्षक तरीके से सजाने-संवारने की भी मांग की गई है। इसके लिए आवेदन के साथ राजा जंगबहादुर सिंह का फोटो भी संलग्न करने की बात कही गई है।इसके अलावा आवेदन में सदर अस्पताल की जमीन के जिस हिस्से को सड़क के लिए लिया गया है, उसे पुनः अस्पताल समिति को सौंपने तथा अस्पताल परिसर के हित में उसका उपयोग सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। राजबाड़ी के वंशजों ने कहा कि राजा जंगबहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित होने से अस्पताल निर्माण में उनके पूर्वजों के योगदान की स्मृति आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रहेगी। आवेदनकर्ताओं ने उपायुक्त से मामले पर अपने स्तर से आवश्यक आदेश पारित कर प्रतिमा स्थापना की अनुमति देने की मांग की है।






