एसजीएफआई टीम में झारखंड के चार खिलाड़ियों का चयन, खो-खो में राज्य का बढ़ा मान।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। सीआईएससीई नेशनल खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड-बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में झारखंड-बिहार टीम ने केरल को हराकर कांस्य पदक जीता। इस टीम के मिथिलेश भंडारी का चयन एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के लिए हुआ है।
वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में झारखंड-बिहार टीम ने तमिलनाडु को पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। एसजीएफआई के लिए चयनित खिलाड़ियों में कर्मा उरांव, अभि सिंह और विनय मनीष मुंडा शामिल हैं। इस तरह झारखंड के कुल चार खिलाड़ियों को एसजीएफआई टीम में स्थान मिला है।
सीआईएससीई नेशनल खो-खो मीट में भाग लेने के लिए एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल के चार खिलाड़ी प्रीतम, तरुण, मिथिलेश और अपूर्व झारखंड-बिहार टीम मैनेजर अल्फ्रेड फ्रांसिस के साथ बीते सोमवार को हैदराबाद रवाना हुए थे। प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 अगस्त तक किया गया।
उक्त जानकारी झारखंड-बिहार टीम मैनेजर अल्फ्रेड फ्रांसिस ने दी। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय एवं जिले में खुशी का माहौल है।






