स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बांका गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों की मदद की
जामताड़ा। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने नारायणपुर प्रखंड के बांका गांव पहुंचकर दो जरूरतमंद परिवारों की मदद की। उन्होंने स्वर्गीय रामबचन सोरेन के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता प्रदान की।
महज 32 वर्ष की उम्र में रामबचन सोरेन के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता और मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। डॉ. अंसारी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े रहेंगे और हरसंभव मदद करेंगे।
इसी दौरान गांव के बाबूजी सोरेन (40 वर्ष) की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। ग्रामीणों के बुलाने पर मंत्री तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरीज की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया और गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कराया। साथ ही आने-जाने, भोजन और रहने की व्यवस्था के लिए आर्थिक सहायता भी दी।
डॉ. अंसारी ने परिजनों और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रांची में उनकी टीम मरीज के इलाज में सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है। राजनीति से बढ़कर इंसानियत और सेवा है।


.jpg)



