सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर जामताड़ा झामुमो नेताओं ने जताया शोक
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। गिरिडीह के विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर जामताड़ा जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन से पार्टी और पूरे झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है।
जामताड़ा जिला झामुमो के सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सगीर खान,उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी रविंद्र नाथ दुबे, जिला कोषाध्यक्ष सह युवा नेता प्रदीप कुमार मंडल प्रदेश कार्य समिति सदस्य आनंद टुड्डू सहित पार्टी के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला है।
नेताओं ने कहा कि सोनू एक जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता थे। उन्होंने संगठन से लेकर सरकार तक अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। उनके निधन से झामुमो परिवार ने अपना एक समर्पित साथी खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय दुख को सहने की शक्ति दें।
सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक बने थे और हेमंत सोरेन सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर है।






