स्वाइन फ्लू को लेकर झारखंड अलर्ट, अस्पतालों में अतिरिक्त बेड सुरक्षित
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की समीक्षा, बोले- सतर्क रहें, घबराएं नहीं
रांची। राज्य में H1N1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर झारखंड सरकार का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में स्वाइन फ्लू की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षक-प्राचार्य और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा संभावित मामलों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “स्वाइन फ्लू से किसी भी व्यक्ति की जान नहीं जाने दी जाएगी।” स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों और जिलों के सिविल सर्जनों से संवाद कर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मामलों की निगरानी एवं रिपोर्टिंग मजबूत करने को कहा। जिला सर्विलेंस अधिकारियों को संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विभाग को सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
RIMS रांची समेत सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड सुरक्षित रखने को कहा गया है। साथ ही ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक, जांच सुविधा, ICU/HDU तथा प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले लोगों का आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परीक्षण और जांच कराई जाएगी। गंभीर मरीजों को जरूरत के अनुसार तत्काल बेहतर चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से अधिकांश मरीज स्वस्थ हो जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग की सभी इकाइयों को अलर्ट रखा गया है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।






