एसआईआर-2026: जामताड़ा में उपायुक्त ने किया सुनवाई स्थलों का औचक निरीक्षण, पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को नाला एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सुनवाई स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, पंचायत भवन चापुड़िया एवं सालुका में चल रही दावा-आपत्ति सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों से नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों, प्रस्तुत दस्तावेजों और उनके सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निष्पादन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से कहा कि नोटिस मिलने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेज प्रस्तुत कर पात्र मतदाता अपना मताधिकार सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मतदाताओं को प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






