BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

संत एंथोनी विद्यालय में खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन, मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि


जामताड़ा। शहर के प्रतिष्ठित संत एंथोनी विद्यालय में महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गादास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, विजन-ई सेक्रेटरी श्रीमती अपर्णा भंडारी, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल, प्राचार्य लारेब खान एवं उप प्राचार्य उत्पल मंडल सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की।
इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉलीबॉल में मदर टेरेसा हाउस विजेता और आर्यभट्ट हाउस उपविजेता रहा। जूनियर खो-खो बालक वर्ग में विवेकानंद हाउस ने प्रथम और विद्यासागर हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर खो-खो बालक वर्ग में विवेकानंद हाउस विजेता तथा मदर टेरेसा हाउस उपविजेता रहा। वहीं, खो-खो बालिका वर्ग में मदर टेरेसा हाउस विजेता और विद्यासागर हाउस उपविजेता बना।
मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गादास भंडारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में उत्साह, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और आत्मविश्वास के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।
अंत में प्राचार्य लारेब खान ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर अनीश रंजन, पायल मंडल, दीनबंधु सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।