डॉ. नागेंद्र सिन्हा की चतुर्थ पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई।
जामताड़ा न्यूज :-मिहिजाम में कानगोई स्थित डॉ. नागेंद्र सिन्हा विद्यालय में रविवार को विद्यालय के संस्थापक डॉ. नागेंद्र सिन्हा की चतुर्थ पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित स्मरण सभा में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही एक मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा ने कहा कि डॉ. नागेंद्र सिन्हा वर्ष 2018 में डीवी बॉयज स्कूल, चित्तरंजन से सेवानिवृत्त होने के बाद भी शिक्षा और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और इतिहास पर आधारित कालापानी के शहीद तथा 26/11 के बलिदानी सहित 18 पुस्तकों की रचना की। उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई मिहिजाम में विद्यालय की स्थापना और निर्माण में लगा दी।
कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें अच्छा नागरिक बनाना और विद्यालय का विकास करना ही संस्थापक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अध्यक्ष विद्यासागर ने कहा कि समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले लोग हमेशा अमर रहते हैं। डॉ. सिन्हा ने विद्यालय की स्थापना कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
ट्रस्ट की महिला सदस्य साधना देवी ने कहा कि डॉ. सिन्हा ने शिक्षा और समाजसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। विद्यालय का संचालन महिलाओं को सौंपकर उन्होंने महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की।
प्राचार्या चंदा मिश्रा ने बताया कि 25 वर्षों तक डायलिसिस कराने के बावजूद डॉ. सिन्हा ने दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विद्यालय का निर्माण कराया। वरिष्ठ शिक्षिका बबीता कुमारी ने विद्यालय के विकास में ट्रस्ट के सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार जताया और आगे भी समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव नंदलाल शर्मा ने की, जबकि संचालन प्राचार्या चंदा मिश्रा ने किया। मौके पर उपप्राचार्या सीमा राऊत सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं, कार्यालय लिपिक श्वेता वर्मा तथा अन्य कर्मी उपस्थित थे। अंत में सभी ने विद्यालय के विकास और संस्थापक के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।


.jpg)



