बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज जी की पूजा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, 26 सितंबर को होगा भव्य आयोजन
छतरपुर: बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज जी की पूजा-अर्चना एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर छतरपुर के कोयल कम्युनिटी हॉल में मधेशिया समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छतरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से मधेशिया समाज के दर्ज़नों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक एकता, आपसी सहयोग एवं संगठन की भावना का परिचय दिया।
बैठक की अध्यक्षता विनय कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन पंचम कुमार ने किया। कार्यक्रम में मधेशिया हलवाई समाज के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। इस अवसर पर छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विनय गुप्ता ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज जी की वीरता सर्वविदित है उन्होंने किस तरह सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लड़ते हुए राज्य की स्थापना किया और वीर शिरोमणी कहलाये। उनकी पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का भी एक अवसर है। आज आवश्यकता है कि समाज के वरिष्ठ अपने अनुभवों से युवाओं का मार्गदर्शन करें और युवा अपनी ऊर्जा एवं नई सोच के साथ समाज को आगे बढ़ाएं।
सदस्यों ने कहा कि जब समाज संगठित होता है तो उसकी आवाज मजबूत होती है और उसकी आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जुड़ी रहती हैं। इसलिए इस आयोजन को केवल पूजा तक सीमित न रखते हुए समाज में भाईचारा, सहयोग, शिक्षा, संस्कार और एक-दूसरे के सुख-दुःख में साथ खड़े होने की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनाया जाएगा।
सर्वसम्मति से गठित हुई बाबा गणिनाथ पूजा समिति
बैठक में सर्वसम्मति से बाबा गणिनाथ पूजा समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष पंचम कुमार चुने गए। वहीं अजय कुमार गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, भरत गुप्ता एवं मुरारी गुप्ता को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
संतोष कुमार गुप्ता को सचिव, सनोज कुमार एवं हिमांशु कुमार को उपसचिव, अनुराग नयन को कोषाध्यक्ष तथा मृणाल कुमार गुप्ता को उपकोषाध्यक्ष चुना गया।
आयोजन को सफल बनाने एवं समिति को मार्गदर्शन देने के लिए अरविंद कुमार गुप्ता, मुरली प्रसाद गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, निर्मल साव, लालमोहन प्रसाद, मोहन कुमार, विनय गुप्ता, सिनेमा हॉल एवं रामचंद्र साव को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
26 सितंबर को होगा भव्य आयोजन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 सितंबर 2026, शनिवार को बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज जी की पूजा श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से आयोजित की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।
समाज के लोगों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि यह आयोजन सामाजिक शक्ति, एकता और भाईचारे का प्रतीक बनेगा। वरिष्ठों का अनुभव, युवाओं की ऊर्जा और समाज के प्रत्येक सदस्य का सहयोग मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज जी के आशीर्वाद से समाज में प्रेम, सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना और मजबूत होगी। समाज के लोगों ने आह्वान किया कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर सभी एक-दूसरे का हाथ थामें और आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत, संगठित एवं संस्कारित समाज का निर्माण करें।
सफल आयोजन के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।







