BREAKING NEWS

logo

निर्मला अस्पताल में दो मरीजों के घुटने का ऑपरेशन रोबोट ने सम्पन्न किया


संजय सिंह

पलामू : निर्मला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर ने पलामू के इतिहास में एक और नया अध्याय जोड़ा है। इस अस्पताल में जिले में पहली बार किसी भी तरह की रोबोटिक सर्जरी की गई है।
निर्मला अस्पताल में सोमवार को दो मरीजों के घुटने का ऑपरेशन किया गया जिसे रोबोट ने सम्पन्न किया। महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों ही मरीजों का पूर्ण घुटना प्रत्यारोपण किया गया है और उनमें नए कृत्रिम घुटने लगाए गए हैं ताकि लंबे समय से जोड़ों में रहने वाली तकलीफ से उन्हें स्थाई राहत दिलाई जा सके।

पूर्ण घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी को रोबोट के माध्यम से सम्पन्न करने वाले निर्मला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ प्रवीण सिद्धार्थ ने बताया कि दो मरीजों में से एक का ऑपरेशन झारखंड सरकार द्वारा प्रायोजित राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत किया गया है।

"यह पूरे पलामू वासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। निर्मला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। कल यहां दो मरीजों का पूर्ण घुटना प्रत्यारोपण रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से किया गया जो कि पलामू के इतिहास में पहली बार हुआ है। उल्लेखनीय बात यह है कि एक मरीज की रोबोटिक सर्जरी राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा कार्ड के अंतर्गत की गई है जिसमें कि मरीज को अस्पताल का कोई भी खर्च वहन नहीं करना पड़ा है और दूसरी मरीज एक महिला है।"

डॉ सिद्धार्थ ने आगे जोड़ा कि किसी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत किसी लाभुक की रोबोटिक सर्जरी अभी तक शायद देश में कहीं और नहीं की गई है।

अस्पताल के अनुसार मरीज लंबे समय से घुटने के दर्द से जूझ रहे थे और अपने संसाधनों से महंगी समझी जाने वाली रोबोटिक सर्जरी करा पाने में अक्षम महसूस कर रहे थे। 

"हमें गर्व है कि सरकार की इस कल्याणकारी योजना का फायदा मरीज को मिला और निर्मला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर ने इसमें अपनी महती भूमिका निभाई है", डॉ प्रवीण सिद्धार्थ ने कहा। 


निर्मला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर की इस उपलब्धि पर राज्य के वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर के साथ साथ पलामू डीसी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और अनेक समाजिक संगठनों ने डॉ प्रवीण सिद्धार्थ को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।